राहुल गांधी ने लगाया वोट चोरी का आरोप
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर्दे के पीछे से वोट चोरी की योजना बनाते हैं, गृह मंत्री अमित शाह इसे अमलीजामा पहनाते हैं और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार इसे अंजाम देते हैं। गांधी ने दावा किया कि मोदी, शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त की रातों की नींद उड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जायेगा और ‘वोट चोरी’ का खामियाजा भुगतना पड़ेगा।बता दें निर्वाचन आयोग ने अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव वाले राज्यों समेत 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूचियों के वार्षिक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) का आदेश दिया है। इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अंतिम मतदाता सूचियां चार जनवरी को प्रकाशित की जाएंगी।

